
संवाददाता प्रिंस गुप्ता भदोही
भदोही, 4 सितंबर। गोपीगंज थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गंगा घाट पर शुक्रवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने की कार्रवाई शुरू की।
बताया जा रहा है कि मिर्जापुर जिले के जिगना क्षेत्र से एक युवक करीब पांच दिन से लापता था। इसी बीच गंगा घाट पर शव मिलने की जानकारी के बाद उसके परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने शव की पहचान अजय कुमार निषाद (24) के रूप में किए जाने का दावा किया है।
हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक शव की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव की शिनाख्त के साथ घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
