
पुलिस दर्पण रिपोर्टर कृष्ण चंद्र शुक्ला बहराइच
पयागपुर। ग्राम पंचायत फरदा सुमेरपुर में पीडीएस दुकान के विलय के बाद राशन लेने में हो रही कथित असुविधा को लेकर शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण तहसील समाधान दिवस में पयागपुर तहसील पहुंचे। ग्रामीणों ने पीडीएस दुकान के लिए दोबारा चुनाव कराने की मांग करते हुए उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा और अपनी समस्या से अवगत कराया।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत फरदा सुमेरपुर में पहले पीडीएस की दो दुकानें संचालित होती थीं। 23 दिसंबर को प्यारे पुत्र जोगी के पीडीएस विक्रेता पद से हटने के बाद उनकी दुकान को दूसरी दुकान से अटैच कर दिया गया। बाद में संबंधित दुकान का विलय सुशील सिंह की पीडीएस दुकान में कर दिया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक विलय के बाद उन्हें राशन लेने के लिए अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे विशेष रूप से बुजुर्गों और महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को लेकर सैकड़ों महिला-पुरुष तहसील समाधान दिवस में पहुंचे और दुकान के लिए दोबारा चुनाव कराने की मांग की।
ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम ने मामले को संज्ञान में लेते हुए पूर्ति निरीक्षक पयागपुर महेश कुमार को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही उपभोक्ताओं को खाद्यान्न वितरण में होने वाली असुविधा और दुकान की दूरी को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
वहीं, पीडीएस दुकानदार सुशील सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं को राशन लेने में कोई परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगते ही पात्र उपभोक्ताओं को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है।
इस दौरान रामनाथ यादव, रामली, राजेंद्र, पप्पू, रानू, अनिल, सुरेश कुमार, रामवती, रीता, लक्ष्मी, संध्या मौर्य, कंचन, सावित्री, सुशीला समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
