आगरा से नरेश कुमार की रिपोर्ट
आगरा। ट्रांस यमुना थाना पुलिस ने बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो, चोरी की पीली धातु, 20 जोड़ी सफेद धातु की पायल और 1,010 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई को पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 2/3 जुलाई की रात वह परिवार सहित रिश्तेदारी गया था। वापस लौटने पर घर का मुख्य गेट टूटा मिला और अंदर रखी कॉपर व पीतल का आर्टिफिशियल चेन बनाने का तार, चेन के टुकड़े तथा अन्य सामान चोरी हो चुका था। इस संबंध में ट्रांस यमुना थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को पुलिस ने झरना नाले के पास से राकेश कुमार और कुलदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनके कब्जे से चोरी का सामान, नकदी और वारदात में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी राकेश कुमार और कुलदीप सिंह सिकंदरा थाना क्षेत्र के रूकनता के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि इस मामले में प्रभु उर्फ टंगा और सफीम नामक दो अन्य आरोपी वांछित हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।
