सरकारी कार्य में बाधा डालने व लेखपाल से अभद्रता और जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करने पर दो लोगों के खिलाफ कराई रिपोर्ट दर्ज
बरेली/अलीगंज । थाना क्षेत्र के ग्राम अलीगंज में तालाब की भूमि का सीमांकन करने गई राजस्व टीम के लेखपाल के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का मामला सामने आया है।
तहसील आंवला क्षेत्र के रहने वाले सुभाष बाबू ग्राम अलीगंज क्षेत्र में लेखपाल के पद पर तैनात हैं उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया वह उपजिलाधिकारी आंवला के आदेश पर गठित टीम के साथ दोपहर लगभग 2:30 बजे अलीगंज गांव में तालाब की भूमि का सीमांकन करने गए थे। टीम के प्रभारी राजस्व निरीक्षक मुन्नालाल ने मौके पर शिकायतकर्ता रितिक गुप्ता और हर्ष गुप्ता को भी बुला रखा था।
आरोप है कि मौके पर पहुंचते ही रितिक और हर्ष गुप्ता ने पहले दूसरे लेखपाल मो. तनवीर का नाम पूछकर अभद्रता शुरू कर दी। जब पीड़ित लेखपाल सुभाष बाबू ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें जातिसूचक शब्द कहते हुए अपमानित किया। उस समय मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।
इसके बाद जब राजस्व टीम पैमाइश पूरी कर वापस लौट रही थी तब आरोपियों ने रास्ते में उन्हें फिर से रोक लिया। आरोप है कि दोनों भाइयों ने लेखपाल को भद्दी गालियां दीं और धमकी देते हुए कहा जैसा हम चाहें वैसा काम करो नहीं तो तुम्हें नौकरी नहीं करने देंगे। इसी बीच आरोपियों ने सरकारी अभिलेख छीनने और लेखपाल के साथ मारपीट करने की कोशिश की। पीड़ित लेखपाल ने साथी लेखपाल वरुण आनंद की मदद से किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
पीड़ित लेखपाल सुभाष बाबू की लिखित शिकायत पर अलीगंज पुलिस ने आरोपी रितिक गुप्ता और हर्ष गुप्ता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं (सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट का प्रयास, अभद्रता) और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC/ST) निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी जगत सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी विवेचना पुलिस उपाधीक्षक (CO) आंवला को सौंपी गई है।
