संवाददाता प्रिंस गुप्ता
मण्डल प्रभारी पुलिस दर्पण
सुरियावां। सेवाश्रम इंटर कॉलेज की भूमि पर कथित कब्जे के प्रयास, दस्तावेजों में कूटरचना और धोखाधड़ी के आरोप में सुरियावां पुलिस ने सात नामजद समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कॉलेज प्रबंध समिति के कार्यकारिणी सदस्य जटाशंकर दुबे ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि विद्यालय की आराजी संख्या 705 की बेशकीमती भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि भूमि हड़पने की नीयत से आराजी संख्या 566 ख से संबंधित दस्तावेजों में कथित रूप से कूटरचना कर आराजी संख्या 705 की चौहद्दी दर्शाई गई।

शिकायत के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व टीम ने भूमि की जांच और पैमाइश की। आरोप है कि जांच रिपोर्ट में भी कथित रूप से ओवरराइटिंग और फेरबदल किया गया तथा आराजी संख्या 705 के स्थान पर 566 ख अंकित कर दिया गया।
मामले की दोबारा जांच के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर 30 जून 2026 को पुलिस बल की मौजूदगी में राजस्व टीम ने फिर से भूमि की पैमाइश की। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस दौरान आराजी संख्या 705 की भूमि पर कथित अतिक्रमण की स्थिति सामने आई।
पुलिस ने मामले में कैलाशनाथ दुबे, परमात्माराम उर्फ नन्हे दुबे, अचल दुबे, कुशल दुबे, अनिल मिश्रा, प्रमिला पासी और हरिप्रकाश उपाध्याय समेत अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3) और 340(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है। जांच में दस्तावेजों में कथित कूटरचना, भूमि की पैमाइश और कब्जे के प्रयास से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
