संवाददाता: प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी: पुलिस दर्पण
भदोही। पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने बुधवार को दिलीप दुबे नामक व्यक्ति के खिलाफ कथित अभद्रता, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में भदोही कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए शिकायत दी।

अमिताभ ठाकुर के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 1:24 बजे दिलीप दुबे ने उनके व्हाट्सएप नंबर पर वीडियो कॉल की। आरोप है कि कॉल के दौरान अभद्र, अश्लील और गाली-गलौज वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया। करीब 55 सेकेंड बाद कॉल कटने के बाद दोबारा वीडियो कॉल करने के साथ ही अन्य नंबरों से वॉयस कॉल और कथित धमकीपूर्ण ऑडियो संदेश भी भेजे गए।

ठाकुर ने बताया कि उन्होंने संबंधित नंबरों को ब्लॉक कर दिया है। साथ ही वीडियो कॉल, कॉल रिकॉर्ड और ऑडियो संदेश सहित इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित रखे हैं। उन्होंने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
उनके अनुसार, दिलीप दुबे पहले आजाद अधिकार सेना से जुड़े थे, लेकिन कथित अनुचित आचरण के कारण बाद में उन्हें संगठन से अलग कर दिया गया था।
हालांकि, मामले में पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज किए जाने की तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी। वहीं कोतवाली पुलिस ने ऐसी किसी शिकायत मिलने से इन्कार किया है। पुलिस की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
