संवाददाता विजय कश्यप
बलरामपुर। गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही बेतहाशा विद्युत कटौती और कई क्षेत्रों में कम क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मरों के कारण उत्पन्न हो रही विद्युत समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी के विधायक राकेश यादव ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

विधायक ने ज्ञापन के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की स्थिति में सुधार किए जाने तथा ओवरलोडेड ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता वृद्धि कराए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से आम जनता, किसान, व्यापारी और छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक राकेश यादव ने कहा कि ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर विद्युत ट्रांसफॉर्मर अपनी क्षमता से अधिक भार पर चल रहे हैं। इसके चलते बार-बार ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और ट्रांसफॉर्मर फुंकने की समस्या सामने आती है। इससे उपभोक्ताओं को लंबे समय तक विद्युत संकट झेलना पड़ता है।
उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की समीक्षा कराकर जहां-जहां आवश्यकता है, वहां ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाई जाए तथा जर्जर विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाए। साथ ही निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।
विधायक ने कहा कि बिजली आज आम जनता की बुनियादी जरूरत बन चुकी है। ऐसे में लगातार कटौती से लोगों की दिनचर्या के साथ-साथ खेती, छोटे कारोबार और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से विद्युत व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से विधायक ने स्पष्ट किया कि जनता को राहत दिलाने के लिए विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली और आपूर्ति व्यवस्था में आवश्यक सुधार किया जाना बेहद जरूरी है। अब देखना होगा कि प्रशासन और विद्युत विभाग इस मांग पर कितनी शीघ्र कार्रवाई करता है।
