संवाददाता प्रिंस गुप्ता
मण्डल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने गुरुवार को विकासखंड ज्ञानपुर के राजकीय हाई स्कूल सरई मिश्रानी और कंपोजिट विद्यालय सरई मिश्रानी का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूलों में पढ़ाई, शिक्षकों की उपस्थिति और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से बातचीत की और उनकी पढ़ाई के साथ-साथ भविष्य के लक्ष्य के बारे में भी पूछा। उन्होंने बच्चों से पूछा कि वे बड़े होकर क्या बनना चाहते हैं। बच्चों की रुचि और प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थी मेहनत और लगन से पढ़ाई करें और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करें।

उन्होंने बच्चों से घर पर पढ़ाई और अन्य गतिविधियों की दिनचर्या के बारे में भी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों के लिए समय तय कर नियमित रूप से काम करने की सलाह दी। बच्चों ने विद्यालय में किसी तरह की समस्या नहीं होने की बात कही।
डीएम ने शिक्षकों को निर्देश दिया कि बच्चों को बेहतर और आसान तरीके से पढ़ाया जाए। स्मार्ट शिक्षण तकनीक का अधिक से अधिक उपयोग कर विद्यार्थियों की समझ और सीखने की क्षमता बढ़ाई जाए। उन्होंने सभी कक्षाओं में समय-सारिणी लगाने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान राजकीय हाई स्कूल के कुछ कमरों में बारिश के पानी के रिसाव की समस्या मिली। इस पर जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को मरम्मत का एस्टीमेट तैयार कर आवश्यक कार्रवाई कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने कंपोजिट विद्यालय सरई मिश्रानी का निरीक्षण किया। यहां सभी शिक्षक उपस्थित मिले और पढ़ाई सहित विद्यालय की व्यवस्थाएं सामान्य रूप से चलती मिलीं। प्रधानाध्यापक ने बताया कि बारिश के दौरान एक अतिरिक्त कमरे में पानी टपकने की समस्या है। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को बेहतर शिक्षा और अच्छा माहौल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की पढ़ाई के साथ उनके सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान देने को कहा।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
