संवाददाता:प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए बुधवार को विकास भवन स्थित सभागार में बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ला ने की।

बैठक में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), अटल पेंशन योजना (APY), मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) समेत कई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिन बैंक शाखाओं की प्रगति 40 प्रतिशत से कम पाई गई, उन पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि पात्र नागरिकों, किसानों, युवाओं और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक लोगों को इनसे जोड़ा जाए।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लेकर किसानों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया। सीडीओ बाल गोविन्द शुक्ला ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को बीमा योजना की पात्रता, प्रीमियम, बीमा कवरेज और दावा करने की प्रक्रिया की जानकारी सरल भाषा में दी जाए, ताकि किसान फसल खराब होने की स्थिति में योजना का लाभ ले सकें।
बैठक में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने हाथ में तिरंगा लेकर अभियान में भागीदारी का संदेश दिया। अधिकारियों से कहा गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आम लोगों, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों, किसानों, उद्यमियों और विभिन्न संस्थाओं को जोड़कर अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाए।
बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक अमित कुमार गुप्ता, सभी बैंकों के जिला समन्वयक, सहायक उपायुक्त उद्योग अभिषेक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और कर्मचारी मौजूद रहे।
