पुलिस दर्पण बहराइच कृष्ण चंद्र शुक्ला
पयागपुर। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उपभोक्ताओं को समय से और निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने को लेकर पूर्ति विभाग ने पीडीएस विक्रेताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पूर्ति निरीक्षक पयागपुर महेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र की 69 ग्राम पंचायतों में 91 पीडीएस दुकानें संचालित हैं।

उन्होंने बताया कि सभी पीडीएस विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि पात्र उपभोक्ताओं को निर्धारित मानकों के अनुसार समय से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। राशन वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता की शिकायत मिलने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि अगले माह से सभी ग्राम पंचायतों में डोर-टू-डोर निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। विभागीय टीम गांवों में पहुंचकर पीडीएस दुकानों पर खाद्यान्न वितरण की स्थिति की जांच करेगी और उपभोक्ताओं से भी जानकारी प्राप्त करेगी।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान यदि किसी दुकान पर वितरण व्यवस्था में कमी या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों तक सरकारी खाद्यान्न योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है।
पूर्ति निरीक्षक ने उपभोक्ताओं से अपील की कि राशन वितरण से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत की जानकारी विभाग को दें, ताकि उसका समय से निस्तारण कराया जा सके।
