संवाददाता प्रिंस गुप्ता
मण्डल प्रभारी पुलिस दर्पण

भदोही। सुरियावां थाना परिसर में बुधवार को सुरियावां और दुर्गागंज थानों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल की अध्यक्षता और क्षेत्राधिकारी भदोही सुमित त्रिपाठी की मौजूदगी में दोनों थानों के पुलिस कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बैठक में लंबित मुकदमों की विवेचना, बीएनएस की धारा 137(2) के तहत लंबित मामलों तथा छिनैती, टप्पेबाजी और नकबजनी की घटनाओं के खुलासे को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली गई। इस दौरान लंबित मामलों में अब तक हुई कार्रवाई और उनके जल्द निस्तारण की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।
अधिकारियों ने आईजीआरएस और लोक शिकायत के माध्यम से प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने संबंधित निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों को निर्देश दिया कि किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। सभी विवेचनाओं और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अपराध नियंत्रण के साथ आम लोगों की शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
