
पुलिस दर्पण बहराइच रिपोर्टर कृष्ण चंद्र शुक्ला
बहराइच। मटेरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा सवार महिला के गले से सोने की चेन लूट ली। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, दो सगी बहनें ई-रिक्शा से नानपारा जा रही थीं। भावनियापुर दुर्गापुरवा रोड पर टोल प्लाजा से ठीक पहले पीछे से बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे। उन्होंने ई-रिक्शा के पास बाइक लगाकर एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। अचानक हुई वारदात से महिला और उसकी बहन घबरा गईं। लूट के बाद बदमाश तेज रफ्तार में बाइक लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मटेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता से जानकारी ली। पुलिस ने टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें वारदात और फरार होते बदमाश दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
